बैंकों की मनमानी पर डीएम सख्त, जनता को परेशान किया तो होगी कार्रवाई

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बैंकों और एनबीएफसी की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि जनता को परेशान करने वाली किसी भी गतिविधि पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति और जिला सलाहकार समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि बैंक केवल जमा जुटाने तक सीमित न रहें, बल्कि जिले के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
डीएम ने चेतावनी दी कि यदि किसी गरीब को कर्ज के जाल में फंसाकर परेशान किया गया या कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई तो प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। उन्होंने एनबीएफसी को भी कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि ऋण वितरण के नाम पर अनियमितता और शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में अनुपस्थित रहने पर बंधन बैंक, इंडसइंड बैंक और आईडीएफसी बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खराब सीडी रेशियो (21.73 प्रतिशत) और कृषि ऋण में कमजोर प्रदर्शन पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों को लंबित न रखा जाए और अस्वीकृति की स्थिति में स्पष्ट कारण बताया जाए। जिले का औसत सीडी रेशियो 42.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।