तोता घाटी में पलटी यात्रियों से भरी बस, पुलिस ने किया रेस्क्यू

तोता घाटी में पलटी यात्रियों से भरी बस, पुलिस ने किया रेस्क्यू


देवप्रयाग। थाना देवप्रयाग क्षेत्र के तोता घाटी के पास चारधाम यात्रा पर जा रही एक बस सड़क पर पलट गई। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलते ही टिहरी पुलिस, आपदा प्रबंधन टीम और 108 एम्बुलेंस सेवा तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस रुद्रप्रयाग से हरिद्वार की ओर जा रही थी तथा उसमें 39 यात्री सवार थे। तोता घाटी के समीप बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।


दुर्घटना के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। हादसे में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में किसी प्रकार की गंभीर जनहानि नहीं हुई है और बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन करते हुए यात्रियों को हरसंभव सहायता प्रदान की। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *