पैनिसिया अस्पताल के आईसीयू में में लगी आग, दम घुटने से महिला मरीज की मौत

प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टला

देहरादून। देहरादून के आईएसबीटी मार्ग स्थित पैनिसिया अस्पताल में बुधवार सुबह आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 9ः35 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना के समय अस्पताल में 14 मरीज भर्ती थे। राहत टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अस्पताल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर आसपास के अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। प्रशासन के अनुसार अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों और अन्य घायलों को सुरक्षित रूप से दूसरे चिकित्सालयों में पहुंचा दिया गया है।
फायर सर्विस, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने व्यापक सर्च अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर को खाली कराकर पूरे क्षेत्र को नियंत्रित किया गया। घटना में अस्पताल भवन की सीलिंग और आंतरिक हिस्सों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार 66 वर्षीय वीरवती नामक महिला की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कुल 16 लोग घायल हुए हैं। घायलों में मरीज, परिजन और राहत कार्य में जुटे पुलिस व फायर कर्मी भी शामिल हैं। राहत अभियान के दौरान फायर सर्विस और पुलिस विभाग के तीन कर्मचारी भी घायल हुए। सभी घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

जिला प्रशासन ने घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं तथा प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *