जिलाधिकारी ने पैदल चलकर परखी केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाएं

रूद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक पैदल चलकर यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने देर रात हुए लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र का भी जायजा लिया और राहत एवं सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पड़ावों पर रुककर यात्रियों से सीधे संवाद किया तथा स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, विश्राम स्थल, मेडिकल सहायता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए यात्रा संचालन को संतोषजनक बताया।
जिलाधिकारी ने सोनप्रयाग-गौरीकुंड शटल टैक्सी सेवा का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को संचालन पूरी तरह व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मौसम और संवेदनशील क्षेत्रों को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।