पीड़ित महिला की गुहार पर कोतवाली पहुंचीं मेयर आरती भंडारी

श्रीनगर गढ़वाल। एक पीड़ित महिला की शिकायत पर मेयर आरती भंडारी स्वयं कोतवाली पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला ने आरोप लगाया कि जनवरी में उनके घर से करीब आठ तोला सोने के जेवर चोरी हुए थे, लेकिन लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता अनीता बहुगुणा ने बताया कि चोरी करने वाले व्यक्ति की जानकारी पुलिस को दी जा चुकी है। कई माह बाद एसएसपी के हस्तक्षेप पर 4 मई को मुकदमा दर्ज हुआ। महिला की शिकायत सुनने के बाद मेयर ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर जल्द न्याय दिलाने को कहा। कोतवाली प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द समाधान किया जाएगा।