प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में 74 करोड़ की जिला योजना मंजूर

चमोली। जनपद के समग्र विकास को गति देने के लिए प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 74 करोड़ 23 लाख 70 हजार रुपये की वार्षिक जिला योजना को मंजूरी दी गई। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसी योजनाओं पर विशेष फोकस रखा गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला योजना में जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को शामिल कर संतुलित विकास सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, योजनाओं को क्लस्टर आधारित मॉडल पर लागू करने और केंद्र-राज्य योजनाओं के बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। कृषि और उद्यान क्षेत्र में किसानों को सब्सिडी पर उपकरण उपलब्ध कराने, कीवी क्लस्टर विकसित करने और मार्केटिंग-पैकेजिंग मजबूत करने पर जोर दिया गया। पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।