दून पुलिस की कार्रवाई तेज, डिक्सन फैक्ट्री उपद्रव मामले में 10 गिरफ्तार

देहरादून। डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिकों के प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव और पथराव करने के आरोप में दून पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 को सेलाकुई स्थित डिक्सन फैक्ट्री में श्रमिक अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने फैक्ट्री परिसर और पुलिस बल पर पथराव कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष सेलाकुई और कोतवाली सहसपुर की संयुक्त टीम ने क्षेत्राधिकारी सहसपुर के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की। 17 मई को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग कंपनियों और मोहल्लों में जाकर श्रमिकों को भड़का रहे हैं तथा काम पर जाने वालों को रोकने के लिए जबरदस्ती और मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से 10 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ लोग पूर्व की पथराव घटना में भी शामिल थे और दोबारा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका थी। सभी आरोपियों को ’ऑपरेशन प्रहार’ के तहत धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।