नवादा बद्रीपुर में पेंशन सत्यापन शिविर, 164 लाभार्थियों का सत्यापन

नवादा बद्रीपुर में पेंशन सत्यापन शिविर, 164 लाभार्थियों का सत्यापन


देहरादून। वार्ड संख्या 96 नवादा बद्रीपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन योजनाओं के वार्षिक भौतिक सत्यापन के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराया।
शिविर के दौरान कुल 164 लाभार्थियों का सत्यापन किया गया, जिनमें 120 वृद्धावस्था पेंशन, 12 दिव्यांग पेंशन और 32 विधवा पेंशन लाभार्थी शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने अभिलेखों की जांच कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिड़ियाल ने बताया कि जनपद में समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सत्यापन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है। समय सीमा के भीतर सत्यापन न कराने पर पेंशन प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सत्यापन ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों और शहरी क्षेत्रों में राजस्व विभाग के कार्मिकों के माध्यम से कराया जाएगा। शिविर में क्षेत्रीय पार्षद वीरेंद्र वालिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *