हमारी ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और वीरता का प्रतीक है क्रान्ति दिवस मेला

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखण्ड थलीसैंण के पीठसैंण (मासौं) में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की स्मृति में आयोजित राजकीय क्रान्ति दिवस मेला इस वर्ष भी भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दूर-दराज़ के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और लोक संस्कृति का माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर लाभान्वित किया गया। चिकित्सा विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और दवा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई।
मंत्री ने कहा कि क्रान्ति दिवस मेला हमारी ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और वीरता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्यों के तहत मेला स्थल का सौंदर्यीकरण किया गया है और भविष्य में अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या मेले का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें लोक कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।