शहीद दिवस पर कांग्रेस नेताओं ने किया वीरों को नमन

हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार (ओबीसी विभाग) एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर भगत सिंह चौक स्थित शहीद सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सैनी ने कहा कि 23 मार्च का दिन देश के इतिहास में अमर है, जब भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों का बलिदान हमें देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में देश की एकता और सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और संजय सैनी ने कहा कि भगत सिंह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज में बदलाव लाने का आह्वान किया। ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव और ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि हमें शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना चाहिए। युवा नेता सागर बेनीवाल और निखिल सौदाई ने कहा कि “इंकलाब जिंदाबाद” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शहीदी दिवस पर निकाली पदयात्रा, युवाओं में देशभक्ति का संचार
देहरादून। शहीदी दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत देहरादून के तत्वावधान में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मालविका की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में एनएसएस के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय परिसर से पथरीबाग चौक तक निकाली गई पदयात्रा में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।