वाहन चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। दून पुलिस ने वाहन चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली डोईवाला, पटेलनगर और डालनवाला पुलिस की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
डोईवाला क्षेत्र से विनय नेगी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं पटेलनगर पुलिस ने विनोद को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की। डालनवाला पुलिस ने फूड डिलीवरी का काम करने वाले नीतीश कुमार यादव उर्फ राज को गिरफ्तार कर चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वाहन चलाने के शौक और नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।