एग्रोस्टैक कार्य में सुस्ती पर सख्त डीएम, कारण बताओ नोटिस के निर्देश

उत्तरकाशी। एग्रोस्टैक और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में बैठक की। उन्होंने कार्य में सुस्ती बरतने वाले कार्मिकों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य किसानों के हित से जुड़ा है, इसलिए किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नेटवर्क समस्या वाले क्षेत्रों में किसानों को नेटवर्क युक्त स्थानों तक लाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने किसानों से ‘एग्रीस्टैक’ के तहत डिजिटल आईडी बनवाने और 31 मार्च से पहले फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने की अपील की।
घरेलू पानी के व्यावसायिक उपयोग पर होगी कार्रवाई
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को जल संस्थान व पेयजल निगम की बैठक में पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने घरेलू कनेक्शन से व्यावसायिक उपयोग करने वालों तथा मुख्य पेयजल योजनाओं से मोटर लगाकर पानी खींचने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बड़े पेयजल बकायेदारों पर आरसी काटकर वसूली तेज करने को भी कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि ज्ञानसू, गंगोरी, मोरी और पुरोला में ट्यूबवेल चालू होने से लोगों को राहत मिली है। जिलाधिकारी ने गर्मियों को देखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।