सूबे में गर्भवती महिलाओं की होगी शत-प्रतिशत अल्ट्रासोनोग्राफी जांच: डॉ. धन सिंह

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश सरकार गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने जा रही है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सूबे की शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच कराई जाएगी, ताकि गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की जटिलता का समय रहते पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपदों में विशेष अल्ट्रासाउंड कवरेज अभियान चलाया जाएगा, जो 15 अप्रैल तक संचालित रहेगा। इस दौरान 18 सप्ताह या उससे अधिक गर्भकाल वाली उन सभी महिलाओं को जांच के लिए लाया जाएगा, जिन्होंने अभी तक अल्ट्रासाउंड नहीं कराया है। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और चिकित्सकों द्वारा दोबारा यूएसजी की सलाह दी गई महिलाओं को भी अभियान में शामिल किया जाएगा।
डॉ. रावत ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को माइक्रोप्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला और ब्लॉक स्तर पर यूएसजी केंद्रों, रेडियोलॉजिस्ट और स्त्री रोग विशेषज्ञों की टीम बनाकर ड्यूटी रोस्टर तैयार किया जाएगा, ताकि समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि पात्र गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं सहित अन्य संसाधनों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही एएनएम, आशा और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लाभार्थियों को समय पर सूचना देकर उनकी जांच सुनिश्चित कराई जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग और दैनिक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं।