एमडीडीए कॉलोनी में पुलिस का सत्यापन अभियान, 22 संदिग्ध हिरासत में

एमडीडीए कॉलोनी में पुलिस का सत्यापन अभियान, 22 संदिग्ध हिरासत में


देहरादून। अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ’’ऑपरेशन क्रैकडाउन’’ के तहत बुधवार को आईएसबीटी स्थित एमडीडीए फ्लैट्स परिसर में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अजय सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में की गई। अभियान में पटेलनगर पुलिस, एसओजी, एएनटीएफ और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया।
सत्यापन के दौरान पुलिस ने परिसर में रह रहे 180 लोगों की जांच की। जांच के दौरान 22 संदिग्ध व्यक्ति पहचान से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए, जिन्हें धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
इसके अलावा किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 15 मकान मालिकों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 1 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 लोगों के 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 8750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में बाहरी राज्यों व जिलों से आकर रहने वाले लोगों, किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *