स्वास्थ्य विभाग को मिले 168 बॉण्डधारी चिकित्सक: डा. धन सिंह

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 168 बॉण्डधारी एमबीबीएस चिकित्सक मिल गए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से पास आउट इन चिकित्सकों को दूरस्थ क्षेत्रों और चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थित चिकित्सा इकाइयों में तैनात किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बांड व्यवस्था के तहत पौड़ी और टिहरी में 21-21, चमोली व उत्तरकाशी में 20-20, रुद्रप्रयाग में 15, पिथौरागढ़ में 23, अल्मोड़ा में 24 तथा चंपावत व बागेश्वर में 12-12 चिकित्सकों की तैनाती की गई है। चारधाम यात्रा को देखते हुए अधिकांश चिकित्सकों को यात्रा मार्गों से जुड़े अस्पतालों में नियुक्त किया गया है, ताकि तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।