पति ने पत्नी-बेटे पर धारदार हथियार से किया हमला, बाद में फांसी लगाकर दी जान

पति ने पत्नी-बेटे पर धारदार हथियार से किया हमला, बाद में फांसी लगाकर दी जान

थराली/देवाल। विकासखंड देवाल के अंतर्गत ओडर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर ने जंगल में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओडर गांव निवासी गजेंद्र सिंह गड़िया (40) मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा था। शुक्रवार देर शाम उसने अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी (37) और सात वर्षीय बेटे मयंक पर थमाली (धारदार हथियार) से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह मां-बेटे को बचाकर 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद गजेंद्र सिंह देर शाम तक हथियार लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। बाद में वह गांव के पास जंगल की ओर चला गया। शनिवार सुबह तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर जंगल में उसका शव पेड़ से लटका मिला।
थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया गया है। ग्राम प्रधान प्रेमा देवी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *