पूरे प्रदेश में चलेगा सघन सत्यापन अभियान, संदिग्धों पर सख्त कार्रवाई: डीजीपी

देहरादून। उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान सभी जनपदों में सर्किल, थाना और चौकी स्तर पर संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट, किराये के मकान, पीजी, होम-स्टे, होटल, गेस्ट हाउस, आश्रम और धर्मशालाओं में निवासरत व्यक्तियों का सत्यापन किया जाएगा। प्रॉपर्टी डीलर, रियल एस्टेट एजेंट और ब्रोकरों के माध्यम से कराई गई किरायेदारी की जांच होगी। बिना पुलिस सत्यापन किरायेदारी कराने या संदिग्धों को शरण देने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
होम डिलीवरी, ई-कॉमर्स, कैब सेवाओं, सुरक्षा एजेंसियों और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों का विशेष सत्यापन किया जाएगा। संदिग्धों की पहचान के लिए नेटग्रिड, सीसीटीएनएस और आईसीजेएस जैसे आधुनिक डाटाबेस का उपयोग होगा। अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों, बांग्लादेशी नागरिकों और वीज़ा अवधि समाप्त होने के बाद ठहरे विदेशियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान भयमुक्त वातावरण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है, जिसमें हर स्तर पर जवाबदेही तय की गई है।