निरीक्षण में टेक होम राशन वितरण में हुई चूक पर जतायी नाराज़गी

रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने खिर्सू स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनवरी माह का टेक होम राशन (टीएचआर) वितरित न होने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की।
उन्होंने सीडीपीओ को आदेशित किया कि टीएचआर का मास्टर रजिस्टर सुरक्षित और अपडेट रखा जाए तथा राशन की मांग समय पर भेजी जाए और रिपोर्ट नियमित प्रस्तुत की जाए। कार्यालय में उपस्थिति पंजिका और टूर प्लान की जांच के दौरान केवल एक सुपरवाइजर उपस्थित पाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजरों का टूर प्रोग्राम महीने की शुरुआत में अनुमोदित कर लिया जाए और निरीक्षण का समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के अभिलेखों के रखरखाव, लंबित भुगतान का समयबद्ध निस्तारण और फील्ड निरीक्षण पर जोर दिया। कार्यालय बुलाने के अनावश्यक निर्देश पूरी तरह प्रतिबंधित करने के भी आदेश दिए गए। उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी एवं अन्य अधिकारी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।