मुख्यमंत्री ने दिए आदतन एवं संगठित अपराधियों पर सख्त निगरानी के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और डीजीपी को निर्देश दिए कि सभी अपराधों में तत्काल मुकदमे दर्ज कर अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आदतन एवं संगठित अपराध में संलिप्त अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों की पहचान कर विधिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे समाज में कानून का भय स्थापित हो और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। मुख्यमंत्री ने पुलिस को पूरी सक्रियता, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों और चौकियों की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने की हिदायत दी। शहरी क्षेत्रों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि परिणाम धरातल पर दिखने चाहिए और जनता को सुरक्षा का वास्तविक अनुभव होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार “अपराध मुक्त उत्तराखण्ड” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश की शांति, सुरक्षा और सुशासन सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा और हर स्तर पर जवाबदेही तय करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, सचिव गृह, एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर), गढ़वाल आयुक्त सहित पुलिस एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।