कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, मेला क्षेत्र को 32 सेक्टरों में बांटकर माइक्रो प्लानिंग तैयार

कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, मेला क्षेत्र को 32 सेक्टरों में बांटकर माइक्रो प्लानिंग तैयार


हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 के सुव्यवस्थित और सफल आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण सभागार में परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुंभ मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ मेले के लिए चार जिलों के अंतर्गत लगभग डेढ़ सौ वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को मेला क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव है। इस व्यापक क्षेत्र को 32 सेक्टरों में विभाजित कर सभी व्यवस्थाओं की माइक्रो प्लानिंग तैयार कर ली गई है। प्रस्तावित योजना के तहत हरिद्वार जनपद में 23, देहरादून में 4, टिहरी में 2 तथा पौड़ी गढ़वाल में 3 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा और जन-सुविधाओं की विस्तृत योजना बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में स्थायी और अस्थायी कार्यों को चरणबद्ध तरीके से तय समयसीमा में पूर्ण किया जाएगा। इसके साथ ही दो स्थायी पार्किंग स्थलों के निर्माण का भी प्रस्ताव है। आंतरिक सड़कों के सुधार, जलभराव की समस्या के समाधान और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हरिद्वार नगर में सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को एक सप्ताह में दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों का प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी साझा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संस्थाओं, व्यापार संगठनों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सुझाव दिए, जिन्हें अंतिम कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *