कोटद्वार शहर में शांति भंग करने वालों के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही शुरू

कोटद्वार। शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध पौड़ी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। 31 जनवरी को सूचना मिली कि बाबा ड्रेस की दुकान पर पूर्व विवाद से संबंधित कुछ लोग दीपक कुमार के विरोध में जिम और दुकान के पास प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने नारेबाजी, सड़क जाम और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले शब्दों का प्रयोग कर सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किया। पुलिस बैरियर हटाने पर उग्र व्यवहार और धक्का-मुक्की हुई।
उपनिरीक्षक विनोद चपराना द्वारा आरोपित व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं, जैसे 191(2), 121(2), 126(2), 196(2), 352 बीएनएस एवं 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमे पंजीकृत किए गए। वकील अहमद और कमल पाल द्वारा प्रस्तुत शिकायतों के आधार पर भी आईपीसी की धाराओं 115(2), 333, 351(2), 352 आदि के अंतर्गत अभियोग दर्ज किए गए। दो संगठनों के आपसी विवाद को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में निष्पक्ष एवं गहन जांच जारी है।

पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
कोटद्वार। वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोटद्वार नगर क्षेत्र में पुलिस और पीएसी बल के साथ फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। मार्च के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई और नागरिकों से शांति, सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस बल ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता या कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयासों को कड़ी कार्रवाई के तहत रोका जाएगा।