त्रियुगीनारायण बना डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र, पर्यटन और आर्थिकी को मिल रहा बढ़ावा

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला प्रशासन के प्रयासों से त्रियुगीनारायण को डेस्टिनेशन वेडिंग पॉइंट के रूप में विकसित करने की पहल अब अत्यंत सफल हो रही है। भगवान शिव व माता पार्वती के पौराणिक विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध यह धाम देश-दुनिया के जोड़ों की पहली पसंद बनता जा रहा है। यहां आयोजित होने वाली शादियों से स्थानीय होटल, होमस्टे, फूल व्यवसाय, बैंड-बाजा, परिवहन सेवाएं और पुरोहित समुदाय को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
इस सकारात्मक परिवर्तन को गति देते हुए खंड विकास अधिकारी थराली नितिन धानिया ने भी अपनी शादी यहीं संपन्न कर प्रशासनिक स्तर पर उदाहरण प्रस्तुत किया। त्रियुगीनारायण पुरोहित समिति के अध्यक्ष सच्चिदानंद पंचपुरी के अनुसार, वर्ष 2022 से 2025 तक कुल 750 विवाह यहां संपन्न हो चुके हैं। बढ़ती मांग के साथ यह धाम उत्तराखंड का प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग स्थल बन चुका है। आने वाले समय में बेहतर सुविधाओं और पर्यटन व्यवस्था के विस्तार से क्षेत्र की आर्थिकी और मजबूत होगी।