आपदा प्रबंधन शिखर सम्मेलन-2025 में होगा आपदाओं की चुनौतियों पर मंथन

आपदा प्रबंधन शिखर सम्मेलन-2025 में होगा आपदाओं की चुनौतियों पर मंथन


देहरादून। गुरूवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा विश्व आपदा प्रबंधन शिखर सम्मेलन 2025 तथा 20वाँ उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन 2025 का आयोजन 28 से 30 नवंबर 2025 तक ग्राफिक एरा (मानित) विश्वविद्यालय में किया जाएगा। यह आयोजन हिमालयी क्षेत्र की पर्यावरणीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं, युवा नेतृत्व, आपदा प्रबंधन एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय विषय विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रो. पंत ने बताया कि उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि होंगे भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह। समापन सत्र के मुख्य अतिथि 30 नवंबर को उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह होंगे। सम्मेलन में उत्तराखण्ड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान’, भागीरथ पुरस्कार और उत्तराखण्ड युवा महिला वैज्ञानिक पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मान दिए जाएंगे। साथ ही राज्य का पहला विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग 2025 भी आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के सभी 13 जिलों की टीमें विज्ञान प्रश्नोत्तरी, नवाचार प्रदर्शनी और आपदा प्रतिक्रिया प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। प्रारंभिक सत्र के मुख्य अतिथि होंगे डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, जबकि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. डी.के. असवाल मुख्य वक्ता रहेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित पोखरियाल, डॉ. डीपी उनियाल, प्रहलाद अधिकारी और पुनीत सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *