सेम मुखेम नागराजा देवता में प्रारंभ हुआ दो दिवसीय मेला

लंबगांव। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी उपली रमौली में सेम मुखेम नागराजा का दो दिवसीय वार्षिक मेला विधिवत पूजा-अर्चना और शंख ध्वनियों के बीच धूमधाम से शुरू हो गया। हर तीसरे वर्ष आयोजित होने वाले इस पारंपरिक मेले का शुभारंभ विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमौला ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जलकुर घाटी जन विकास समिति के बैनर तले छात्र-छात्राओं द्वारा ध्वज पताका रैली निकाली गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने गढ़वाली, हिंदी गीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध किया। समिति ने प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया। विधायक नेगी ने कहा कि धार्मिक स्थल हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनके संरक्षण में सभी को आगे आना चाहिए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमौला ने सेम मुखेम धाम को पाँचवें धाम के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई।
मंगलवार दोपहर नागराजा भगवान की डोली हवन-यज्ञ के पश्चात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया। जन युवा समिति द्वारा आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदीप रमौला ने कहा कि मंदिर हमारी आस्था और परंपरा के प्रतीक हैं, जिनका संरक्षण सबका नैतिक दायित्व है।