फ्लैग मार्च से पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा और सतर्कता का संदेश

फ्लैग मार्च से पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा और सतर्कता का संदेश


देहरादून। दिल्ली में हाल ही में हुई कार विस्फोट की घटना के बाद आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने और सतर्कता का संदेश देने के लिए दून पुलिस ने पीएसी के साथ शहर व देहात क्षेत्रों में फ्लैगमार्च निकाला। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 12 नवंबर को प्रेमनगर, पटेलनगर, राजपुर, कोतवाली और ऋषिकेश क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में यह फ्लैगमार्च किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा न करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। दिल्ली घटना के बाद जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और मॉल में बीडीएस व डॉग स्क्वॉड की मदद से सतत जांच जारी है।


फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश

उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में अन्तर्राजीय सीमाओं, बस स्टेशनों, होटलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है। बुधवार को उत्तरकाशी मुख्यालय और बड़कोट में पुलिस, पीएसी, फायर व होमगार्ड के जवानों ने फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।


पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में आयोजित इस पैदल मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ाना था। पुलिस टीमों ने मुख्य बाजार, बस अड्डा और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *