जिलाधिकारी ने किया पौराणिक भीमगौड़ा कुण्ड का निरीक्षण, सौंदर्यकरण हेतु दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने किया पौराणिक भीमगौड़ा कुण्ड का निरीक्षण, सौंदर्यकरण हेतु दिए निर्देश


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को पौराणिक और धार्मिक महत्व वाले भीमगौड़ा कुण्ड क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से कुण्ड के रख-रखाव, सफाई व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कुण्ड एवं उसके आस-पास के क्षेत्र का गहन अवलोकन करते हुए सौंदर्यकरण और विकास कार्यों की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण के सचिव को निर्देशित किया कि कुण्ड परिसर के सौंदर्यकरण हेतु एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सौंदर्यकरण कार्य स्थल की पौराणिक महत्ता के अनुरूप हों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने कुण्ड परिसर और आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण, अवैध होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर तुरंत हटाने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कुण्ड में पानी की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु मां गंगा से कुण्ड तक पानी लाने वाले नाले के मुहाने का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने को कहा। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, पार्षद सुमित चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *