दिल्ली कार विस्फोट के बाद पुलिस ने खंगाली कैमिकल शॉप्स

दिल्ली कार विस्फोट के बाद पुलिस ने खंगाली कैमिकल शॉप्स


देहरादून। दिल्ली में हुए कार विस्फोट की घटना के मद्देनज़र वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में पुलिस द्वारा कैमिकल पदार्थों की बिक्री करने वाली दुकानों और गोदामों की आकस्मिक चेकिंग की गई। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे कि अपने-अपने क्षेत्रों में सोडियम नाइट्रेट, पोटेशियम नाइट्रेट और सल्फर जैसे रासायनिक पदार्थों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं की गहन जांच की जाए।
उक्त निर्देशों के क्रम में दून पुलिस टीमों ने सोमवार को शहरभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। कोतवाली नगर क्षेत्र में 4 दुकानों तथा कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में 1 दुकान पर इन रसायनों की बिक्री पाए जाने पर विस्तृत जांच की गई। चेकिंग के दौरान दुकानों में रखे गए कैमिकल पदार्थों के स्टॉक, खरीद-बिक्री रजिस्टर और बिलों की जांच की गई। पुलिस ने रजिस्टरों से उन व्यक्तियों की जानकारी भी एकत्र की जिन्होंने हाल ही में इन पदार्थों की खरीद की थी।
दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध पहचान पत्र और उचित बिल के किसी को भी ऐसे संवेदनशील रासायनिक पदार्थों की बिक्री न की जाए। साथ ही उन्हें यह भी हिदायत दी गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा कैमिकल की असामान्य मात्रा में खरीद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *