बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले का समापन, लोक संस्कृति, संगीत और सम्मान का हुआ संगम

श्रीनगर गढ़वाल। श्रद्धा और उत्साह के माहौल में बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले का मंगलवार को समापन हुआ। पूरे नगर में लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई दी। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, समाजसेवियों और चिकित्सकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह मेला श्रीनगर की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।
महापौर आरती भंडारी ने बताया कि नगर निगम ने स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की थी। कार्यक्रम में पांडवाज बैंड व स्थानीय कलाकारों ने “फुलारी”, “नंदा तेरो डोला” और “केदारनाथ” जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर विधायक दलीप रावत, नगर आयुक्त नूपुर वर्मा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

जन-जागरूकता का दिया संदेश
मेले में महिला मंगल दलों और स्कूल छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन और यातायात नियमों पर संदेश दिए। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से बचाव के उपाय और महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी।