जिलाधिकारी ने दिए आत्मनिर्भरता और उत्पाद गुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया’ की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में लखपति दीदी योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर आर्थिकी पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कृषि, उद्यान, पशुपालन और आजीविका योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन किया जाए ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बने। उन्होंने सब्जी, फल और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु कलेक्शन सेंटर, कोल्ड स्टोरेज और रेफ्रिजरेटेड वैन की व्यवस्था पर बल दिया। साथ ही, स्थानीय फसलों और उत्पादों को बढ़ावा देने, पॉलीहाउस उपयोग की निगरानी और किसानों को गुणवत्ता वाली मशीनरी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों व सामुदायिक फेडरेशनों को तकनीकी व विपणन सहायता देने और उत्पादों का लैब परीक्षण एवं प्रमाणन शीघ्र कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों पर आधारित टिकाऊ उत्पादों के विकास से ही महिलाएँ और किसान वास्तविक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। बैठक में सीडीओ गिरीश गुणवन्त सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।