न्याय पंचायतों को किया आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक

उत्तरकाशी। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उत्तरकाशी के तत्वावधान में जिले की 36 न्याय पंचायतों में एक दिवसीय आपदा जन-जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन, वन, स्वास्थ्य, एसडीआरएफ, अग्निशमन व अन्य विभागों की संयुक्त टीमें शामिल हैं। सोमवार को गेवला भण्डारस्यूं, नन्दगांव और नौगांव में आयोजित प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, आगजनी और प्राथमिक उपचार संबंधी व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को फर्स्ट एड, सीपीआर, सैटेलाइट फोन संचालन, व भूकंपरोधी भवन निर्माण तकनीक सिखाई गई। कार्यक्रम में जन-जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और “भूदेव” ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई।