स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी

उत्तरकाशी। क्षेत्र पंचायत चिन्यालीसौड़ की बैठक में क्षेत्रीय विकास और जनसमस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सदन में उठाए गए मुद्दों का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत ने की। इस दौरान विद्युत लाइनों, विद्यालय भवनों, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं और आंगनवाड़ी भवनों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में दर्जाधारी राज्यमंत्री राम सुंदर नौटियाल, सीडीओ जय भारत सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।