जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिए त्वरित समाधान के निर्देश

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखण्ड जयहरीखाल के काण्डाखाल गांव में ’सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत काण्डा मल्ला की सड़क समस्या पर उन्होंने लोनिवि और राजस्व विभाग को संयुक्त सर्वे के निर्देश दिए। जीर्ण-शीर्ण भवन की शिकायत पर उन्होंने पात्र परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल करने को कहा। महिलाओं की आजीविका पर चर्चा के दौरान सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम जल्द शुरू करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर काण्डाखाल का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं की निगरानी और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। मौके पर जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
बैठक में दिए निर्देश
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खैरासैंण की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर सुझाव दिए तथा आरओ, वाशिंग मशीन और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने खेल मैदान के समतलीकरण और सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, मुख्य शिक्षाधिकारी, प्राचार्य और अभिभावक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।