नारी सशक्तिकरण और बाल विकास पर दिया जोर

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / गजमफर अली,
देहरादून। विकासनगर ब्लॉक सभागार में राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती धूमधाम से मनाई गई। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख नारायण ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महिलाओं के समूहों द्वारा नारी सशक्तिकरण एवं बाल विकास से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई गई। ब्लॉक प्रमुख ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शक्ति प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सुरेन्द्र सिंह चौहान, कनिष्ठ प्रमुख अनिल तोमर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
युवा महोत्सव का भव्य समापन
पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में प्रेक्षागृह पौड़ी में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य समापन हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त और नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीडीओ ने युवाओं को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए उनके उत्साह और सृजनशीलता की सराहना की। प्रतियोगिताओं में भाषण में यमकेश्वर की कशिश, लोकगीत में पोखड़ा और लोकनृत्य में पौड़ी प्रथम रहे। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में डीवीओ मनविंदर कौर, युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

धूमधाम से मनाया रजत जयंती
उत्तरकाशी। रामलीला मैदान में राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती सप्ताह उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दूसरे दिन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार ने शिरकत की। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर गंगा उत्सव के तहत जोशियाड़ा में जल क्रीड़ा, पशुपालन व मत्स्य विभाग की गोष्ठी, आयुष विभाग का योग प्रदर्शन और सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार मेला आयोजित हुआ।