साइकिलिंग व रिवर राफ्टिंग रैली का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा सरदार पटेल की जयंती अभियान के अंतर्गत साइकिलिंग और रिवर राफ्टिंग रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कोटेश्वर से साइकिल चलाकर किया। रैली बद्रीनाथ केदारनाथ हाईवे सुरंग मार्ग से होते हुए तिलवाड़ा तक संपन्न हुई, जिसमें अधिकारियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके उपरांत अलकनंदा तट से मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने रिवर राफ्टिंग को फ्लैग-ऑफ किया। प्रतिभागियों ने राफ्टिंग के माध्यम से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और जिले की प्राकृतिक सुंदरता के प्रचार का संदेश दिया। यह आयोजन रुद्रप्रयाग में साहसिक पर्यटन को नई पहचान देने वाला साबित हुआ।