जनपद में धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया इगास महापर्व

देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में शनिवार को लोक पर्व इगास-बूढ़ी दीवाली हर्षोल्लास, पारंपरिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव के साथ भव्य रूप से मनाया गया। देवभूमि की लोक परंपराओं को समर्पित इस अवसर पर राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (से नि) की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि इगास हमारी सांस्कृतिक अस्मिता, लोक आस्था और सामूहिक भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने हारुल, झूमेंलो, चांचरी, थड़िया, जागर जैसे लोक नृत्य-गायन की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा परिसर लोकधुनों की गूंज से सराबोर हो उठा। मुख्यमंत्री धामी ने कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लेते हुए कहा कि हमारी लोक संस्कृति हमारी सबसे बड़ी धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना हम सबका कर्तव्य है। मुख्यमंत्री ने परंपरागत रूप से भेलों खेलकर पर्व की खुशियों में सहभागिता की और उपस्थित जनसमूह के साथ संवाद किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी, रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मुख्य सचिव एवं अन्य अधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व विभिन्न क्षेत्रों के लोग उपस्थित रहे।

पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया इगास-बग्वाल
कीर्तिनगर। वीर माधो सिंह भंडारी की कर्मभूमि मलेथा में पारंपरिक लोक पर्व ईगास-बग्वाल का भव्य आयोजन हर्षाेल्लास के साथ किया गया। विधायक विनोद कंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और सामूहिक एकता का प्रतीक बताया। ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में भैलो खेला, ढोल-दमाऊं की थाप पर लोकगीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र उत्सवमय रहा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही तथा स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया गया।
एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का पर्व है ईगास
उत्तरकाशी में पारंपरिक लोक पर्व ईगास हर्षाेल्लास और भक्ति भाव से मनाया गया। रामलीला मैदान में भैलो और लोकनृत्य के साथ पारंपरिक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखरी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गंगा घाट पर दीप प्रज्ज्वलित कर पर्व की शुरुआत की और कहा कि ईगास हमारी गौरवशाली संस्कृति और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने लोक परंपराओं के संरक्षण और प्रसार के लिए हरसंभव प्रयास का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया।