डीएम ने कूड़ा कलेक्शन सेंटरों का औचक निरीक्षण कर दिए स्वच्छता सुधार के सख्त निर्देश

डीएम ने कूड़ा कलेक्शन सेंटरों का औचक निरीक्षण कर दिए स्वच्छता सुधार के सख्त निर्देश


पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को पौड़ी शहर के विभिन्न कूड़ा कलेक्शन सेंटरों का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका को सभी घरों का डेटाबेस तैयार करने, जहां डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण नहीं हो रहा है उन्हें एक माह में शामिल करने तथा पर्यावरण मित्रों को मास्क और ग्लव्स उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण कंडोलिया चौराहे से शुरू कर अपर चोपड़ा, लक्ष्मीनारायण मंदिर, बस स्टेशन, श्रीनगर रोड सीएसडी कैंटीन, डंपिंग जोन और धारा रोड तक किया गया।
जिलाधिकारी ने सड़कों पर कचरा डालने वालों पर चालानी कार्रवाई, सभी कलेक्शन सेंटरों पर सीसीटीवी लगाने और डंपिंग जोन में प्रतिदिन ब्लीचिंग कराने को कहा। उन्होंने पर्यावरण मित्रों की नियमित स्वास्थ्य जांच, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और नालियों की सफाई पर विशेष जोर दिया। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर डंपिंग जोन की दुर्गंध रोकने और लिगेसी वेस्ट हटाने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पौड़ी शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित व स्वास्थ्यप्रद वातावरण प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, नगर पालिका प्रभारी अधिशासी अधिकारी गायत्री बिष्ट, जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता रणवीर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


पार्किंग व्यवस्था का भी किया निरीक्षण

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को पौड़ी नगर के विभिन्न पार्किंग स्थलों का औचक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने छतरीधार, अपर चोपड़ा, जिला पंचायत, जेल गधेरे, सत्यखाल-देहलचौरी मार्ग और जिला अस्पताल परिसर सहित कई स्थलों का जायज़ा लिया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका, जिला विकास प्राधिकरण और अन्य विभागों को पार्किंग को शीघ्र व्यवस्थित करने, अवैध अतिक्रमण हटाने, फिक्स अलॉटमेंट व्यवस्था बनाने और अस्थायी खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *