मुख्यमंत्री ने गढ़ी कैंट बाज़ार में व्यापारियों से किया संवाद

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार देर शाम देहरादून स्थित गढ़ी कैंट बाज़ार पहुंचे और स्थानीय व्यापारियों एवं आम जनता से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से नए जी.एस.टी. स्लैब पर सुझाव और फीडबैक लिया और आम जनता को घटे हुए जी.एस.टी. दरों के बारे में जागरूक करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनता को लाभ पहुंचाने हेतु कई आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर जी.एस.टी. दरों में कमी की है। “नेक्स्ट जनरेशन जी.एस.टी.” पहल से न केवल आम जनता को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को अपनाएँ और दूसरों को भी प्रेरित करें। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित रहे।