राज्यपाल ने किया उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की चार नई शाखाओं का शुभारंभ

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को देहरादून से उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की चार नई शाखाओं का शुभारंभ किया। इनमें सहस्त्रधारा रोड स्थित कृषाली चौक शाखा के साथ टिहरी जिले की चमियाला, नैनीताल जिले की लालपुर नायक और पौड़ी जिले की नौगांवखाल शाखा का वर्चुअल उद्घाटन शामिल है।
राज्यपाल ने कृषाली चौक शाखा परिसर में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का अवलोकन किया और महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने मौके पर उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक में स्वयं अपना खाता खोलकर बैंक के प्रति विश्वास और सहयोग का संदेश दिया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि बैंक केवल लेन-देन का साधन नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का माध्यम हैं। उन्होंने ग्रामीण बैंक को गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत करने और लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में महत्त्वपूर्ण बताते हुए इसकी उपलब्धियों की सराहना की। इस अवसर पर सीजीएम नाबार्ड आरओ देहरादून पंकज यादव, क्षेत्रीय निदेशक आरबीआई देहरादून अरविंद कुमार, अध्यक्ष यूजीबी हरिहर पटनायक, महाप्रबंधक कॉर्पाेरेट सेंटर एसबीआई मुंबई प्रकाश चंद्र बरोर, जीएम अमिता रतूड़ी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।