लखवाड़-व्यासी व त्यूनी-प्लासू जल विद्युत परियोजनाओं के प्रभावितों को अब मिलेगा तीन गुना मुआवजा
देहरादून। देहरादून जनपद की महत्वपूर्ण लखवाड़-व्यासी, त्यूनी-प्लासू और आराकोट-त्यूनी जल विद्युत परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर शासन ने अनुमोदन प्रदान करते हुए नैनबाग-टिहरी परियोजना की तर्ज पर प्रभावितों को भूमि अधिग्रहण का ’’तीन गुना मुआवजा’’ देने का आदेश जारी कर दिया है।
बोले डीएम सविन बंसल
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से मुआवजा दर बढ़ाने की मांग कर रहे थे। अब शासन की स्वीकृति से प्रभावित परिवारों को न्याय और आर्थिक संबल मिलेगा। यह निर्णय पुनर्वास कार्यों में तेजी लाएगा और परियोजना के क्रियान्वयन को गति देगा।
लाभान्वित होने वाले गांव
इस फैसले से धनपो, लखवाड़, लकस्यार, खुन्ना अलमान, लुधेरा, खाती, दाऊ, ऊभौ और सरयाना गांव के प्रभावित परिवारों को सीधा फायदा होगा।
परियोजना का महत्व
डीएम बंसल ने कहा, लखवाड़-व्यासी और त्यूनी-प्लासू परियोजनाएं केवल हमारे जिले ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तरी भारत के लिए अहम हैं। यह मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने में ये विद्युत परियोजनाएं मुख्य धुरी हैं। इस निर्णय से न केवल प्रभावितों को उचित मुआवजा मिलेगा बल्कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली जैसे छह राज्यों को भविष्य में ऊर्जा आपूर्ति का लाभ भी सुनिश्चित होगा।