भालू के हमले से जंग जीतकर घर लौटीं जखोली की बहादुर महिलाएं
श्रीनगर गढ़वाल। जखोली ब्लॉक के भुनालगांव में भालू के हमले से गंभीर रूप से घायल हुईं दो महिलाओं को बेस अस्पताल श्रीनगर की डॉक्टरों की टीम ने बेहतर इलाज देकर नई जिंदगी दी है। करीब पांच दिन के गहन उपचार के बाद दोनों महिलाएं पूरी तरह स्वस्थ होकर बुधवार को अपने घर लौट गईं।
6 सितंबर 2025 को भुनालगांव की 65 वर्षीय बुरांशी देवी और 55 वर्षीय शशि देवी खेतों में काम कर रही थीं। अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। दोनों महिलाओं ने साहस दिखाते हुए कुंदाल और दरांती से पलटवार किया और किसी तरह भालू को मौके से भगा दिया। संघर्ष के दौरान दोनों के हाथ, पैर, सिर, आंख और कान पर गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही रुद्रप्रयाग प्रशासन ने तुरंत हेलीकॉप्टर की मदद से घायलों को रुद्रप्रयाग अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया। सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर ’’डॉ. लक्ष्मण यादव’’ की देखरेख में दोनों का इलाज किया गया। इस दौरान उनका ’’सीटी स्कैन’’ सहित सभी आवश्यक जांचें की गईं। इलाज के बाद महिलाओं के परिजन ’’भरत सिंह रावत’’ और ’’कुलदीप रौथाण’’ ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन का आभार जताया।