प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण
देहरादून। उत्तराखंड में आई आपदा की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुरुवार को राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके साथ ही वे देहरादून में समीक्षा बैठक कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को आपदा प्रभावित लोगों के लिए बड़ी उम्मीद और राहत के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा उत्तराखंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
आपदा राहत कार्यों को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और लगाव है। आपदा की इस कठिन घड़ी में लगातार केंद्र सरकार की ओर से सहयोग एवं मार्गदर्शन मिल रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने आ रहे हैं, जिससे राज्य सरकार को और अधिक बल मिलेगा और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की रफ्तार तेज होगी।
केंद्र और राज्य मिलकर करेंगे काम
राज्य सरकार ने पहले ही प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाया हुआ है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और पुलिस की टीमें लगातार मैदान में डटी हुई हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
प्रभावितों में जागी उम्मीद
प्रधानमंत्री के दौरे की खबर से आपदा प्रभावित जिलों में लोगों के बीच एक उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति से न केवल राहत कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि पुनर्वास योजनाओं को भी नया आयाम मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *