पं. गोविंद बल्लभ पंत ने निभाई आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका

 जयंती पर पं. गोविंद बल्लभ पंत को किया भावपूर्ण स्मरण
   
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर वक्ता, समाज सुधारक एवं भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरप्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और देश के गृह मंत्री रहते हुए पं. गोविंद बल्लभ पंत जी  की आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके विचार हमें सदैव जनसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

धूमधाम से मनायी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत रत्न, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री ’’पंडित गोविंद बल्लभ पंत’’ की 138वीं जयंती जनपद पौड़ी में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ’’स्वाति एस. भदौरिया’’, मुख्य विकास अधिकारी ’’गिरीश गुणवंत’’, नगर पालिका अध्यक्षा ’’हिमानी नेगी’’, निदेशक प्रो. वी.के. बंगा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं, जिनमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा दिखाई। जिले के अन्य स्थानों पर भी पंत जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
जिलाधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
रुद्रप्रयाग। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पंत जी महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी और कुशल प्रशासक थे, जिन्होंने कुली बेगारी प्रथा और जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रतिमा पर डीएम ने किया माल्यार्पण
चमोली। भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती पर जिलाधिकारी संदीप तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत व अन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि पंत जी प्रखर चिंतक, दूरदर्शी राजनेता और महान स्वतंत्रता सेनानी थे।

पं. गोविंद बल्लभ पंत को दी श्रद्धांजलि
रूद्रप्रयाग। भारत रत्न, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 138वीं जयंती जनपद रुद्रप्रयाग में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनपद के सभी विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को पंत जी के जीवन, कार्यों और योगदान से अवगत कराया गया। शिक्षकों ने बताया कि उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, सेवा और नेतृत्व का प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *