सीडीओ की अध्यक्षता में वन संसाधन प्रबंधन परियोजना की बैठक संपन्न
चमोली। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में उत्तराखंड वन संसाधन प्रबंधन परियोजना की जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। डीएफओ अलकनन्दा वन प्रभाग प्रियंका सुंडली ने बताया कि वर्ष 2013 की आपदा से राज्य के कई वन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर भू-स्खलन हुआ, जिससे वन मार्ग, भवन और अधोसंरचना क्षतिग्रस्त हुई।
वर्ष 2013-14 से प्रारंभ हुई यह परियोजना राज्य के 9 जनपदों और 13 वन प्रभागों में संचालित हो रही है। इसका उद्देश्य वन संसाधनों की वृद्धि, ईको-रेस्टोरेशन, ग्रामीण आजीविका बढ़ाना और ग्राम स्तर पर आय में सुधार लाना है। परियोजना के तहत स्थानीय समुदाय, वन पंचायतों और वन कर्मियों का क्षमता विकास भी किया जा रहा है। बैठक में परियोजना अधिकारी आनंद सिंह भाकुनी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी नितेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।