उत्तराखंड में देश की सबसे बड़ी रोपवे परियोजना की स्थापना की दिशा में ऐतिहासिक कदम, जताया आभार

हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना  के लिए सिख संगठनों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर प्रधानमंत्री और राज्य सरकार का जताया आभार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में एस. नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा, अध्यक्ष, श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, के नेतृत्व में विभिन्न सिख संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेमकुंड साहिब रोपवे महापरियोजना  के लिए आभार व्यक्त किया। हेमकुंड साहिब रोपवे गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किमी लंबी परियोजना, जिसकी अनुमानित लागत ₹2,730.13 करोड़ है।
नरिंदर बिंद्रा ने कहा कि हेमकुंट साहिब सिख धर्म का एक पवित्र और ऐतिहासिक तीर्थ है। वहाँ तक पहुँचने का रास्ता कठिन और जोखिमभरा होता है। इस रोपवे परियोजना से न केवल लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी यह आर्थिक और सामाजिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगी।”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिख संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि  “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल बनाने के लिए निरंतर कार्य हो रहा है। हेमकुंट साहिब रोपवे न केवल एक संरचनात्मक परियोजना है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और श्रद्धा का भी प्रतीक है।”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह भी कहा कि परियोजना का कार्य शीघ्रता से प्रारंभ किया जाएगा और निर्माण के प्रत्येक चरण में पर्यावरणीय मानकों और स्थानीय जनभावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इस अवसर पर  गुरबख्श सिंह राजन अध्यक्ष सिंह सभा देहरादून, गुलजार सिंह सचिव सिंह सभा देहरादून, गुरदीप सिंह अध्यक्ष सिंह सभा डोईवाला,  ओंकार सिंह, अध्यक्ष सिंह सभा नूनावाला,  मोहिंदर सिंह बबली, अध्यक्ष सिंह सभा हरिद्वार, हरमोहिंदर सिंह अध्यक्ष सिंह सभा पटेल नगर,  साहब सिंह अध्यक्ष सिंह सभा शेरगढ़, ओंकार सिंह राजा सिंह सभा डोईवाला, बलबीर सिंह साहनी अध्यक्ष गुरुद्वारा रेसकोर्स देहरादून आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *