जन मुद्दों पर सजग रहने के बजाय विपक्ष का सदन में सोना दुखद: भट्ट
DESK THE CITY NEWS
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस पर स्वार्थपरक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष जनता के मुद्दों पर सजग रहने के बजाय सदन में सोता रहा और आपदा जैसे गंभीर विषयों पर चुप्पी साधे रहा।
प्रदेशाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि आपदा से जूझ रहे प्रदेशवासियों की पीड़ा पर चर्चा करने की बजाय कांग्रेस ने अपने नेताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर हंगामा खड़ा किया। उन्होंने गैरसैंण सत्र के दौरान विपक्षी विधायकों द्वारा की गई तोड़फोड़ और अराजकता की कड़ी निंदा की। भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में शासन-प्रशासन राहत-बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटा है, लेकिन कांग्रेस मदद करने के बजाय अफवाह फैलाने में लगी रही। उन्होंने कहा कि बेहतर होता विपक्ष आपदा प्रभावितों के प्रति संवेदना व्यक्त करता और राहत योजनाओं पर सर्वसम्मति से नीति बनाता। दुर्भाग्यपूर्ण है कि व्यक्तिगत लाभ और दलगत राजनीति के लिए विपक्ष ने सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई। नैनीताल प्रकरण पर कार्रवाई से आक्रोशित कांग्रेस विधायकों ने सदन को बंधक बनाने जैसा अलोकतांत्रिक रवैया अपनाया।
विपक्ष का सदन में सोना दुखद, आपदा पर चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण: रावत
पौड़ी।भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कांग्रेस पर स्वार्थपरक राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष ने जनता के मुद्दों पर सजग रहने के बजाय सदन में नींद ली और आपदा जैसी गंभीर परिस्थितियों पर भी चुप्पी साधे रखी। उन्होंने कहा कि गैरसैंण सत्र के दौरान विपक्षी विधायकों ने हंगामा, तोड़फोड़ और अराजकता कर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया। रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी है, जबकि विपक्ष अफवाहें फैलाकर नकारात्मक राजनीति कर रहा है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास जनहित से जुड़े कोई सवाल नहीं थे, इसलिए उनके विधायक सदन में खर्राटे भरते नजर आए।
अनुपूरक बजट प्रदेश के विकास को समर्पित
हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने विधानसभा मानसून सत्र में पेश हुए अनुपूरक बजट को प्रदेश हित में बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। अनुपूरक बजट में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु प्रविधान किए गए हैं। अनुपूरक बजट युवाओं के लिए नये अवसर, महिला सशक्तीकरण, किसानों की उन्नति व बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को समर्पित है।