सैनी आश्रम की संपत्ति को खुर्दबुर्द करने का लगाया आरोप
DESK THE CITY NEWS
हरिद्वार। सैनी आश्रम को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आश्रम से जुड़े एक पक्ष ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दूसरे पक्ष पर आश्रम की संपत्ति को खुर्दबुर्द करने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए मनोज सैनी ने कहा कि आश्रम में भारी अनिमितताएं चल रही हैं। सैनी समाज के पुरखों की ऐतिहासिक और प्राचीन धरोहर सैनी आश्रम की संपत्ति को खुर्दबुर्द करने के उद्देश्य से कुछ लोग मनमानी कर रहे हैं। फर्जी तरीके से प्रस्ताव पास कर और कूट रचित दस्तावेजों से समाज के लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। मनोज सैनी ने कहा कि पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी के गुर्गों ने डॉ राजेश सैनी को फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास है। उन्होंने मीडिया के सामने पुलिस प्रशासन से कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी समस्त जिम्मेदारी पूर्व मंत्री रामसिंह सैनी और उनके गुर्गों की होगी। मनोज सैनी ने कहा कि फर्जी हस्ताक्षर और जाली दस्तावेज के आधार पर अन्य लोगों को बिना बताए प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं। जिसे समाज किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। 3 अगस्त को सैनी आश्रम में समाज की विशाल आमसभा का आयोजन किया जाएगा और लोगों को वास्तविकता से अवगत कराया जाएगा।