मुख्यमंत्री व राज्यपाल ने कारगिल विजय दिवस पर दी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि
DESK THE CITY NEWS
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, अदम्य शौर्य और उच्चतम रणनीतिक कौशल का प्रतीक है। यह एक ऐतिहासिक विजय थी, जिसमें हमारे बहादुर सैनिकों ने दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में भी अद्भुत पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया।
शहीदों के बलिदान को किया भावपूर्ण स्मरण
कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने संदेश जारी कर भारतीय सेना के शौर्य को नमन और शहीदों के बलिदान का भावपूर्ण स्मरण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में भारतीय सेना के अदम्य साहस व शौर्य को नमन करते हुए कहा कि देश के लिये अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान को देश सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध में बड़ी संख्या में उत्तराखण्ड के वीर सपूतों ने अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका बलिदान नई पीढी को प्रेरणा देता रहेगा।