डीएम ने पैदल यात्रा मार्ग का सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से किया निरीक्षण
DESK THE CITY NEWS
उत्तरकाशी। मंगलवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हुई भूस्खलन की घटना का स्थलीय दौरा किया। दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा राहत बचाव में लगी एजेंसियों को हर संभव इंतजाम करने और जरूरी कार्यबल के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भूस्खलन से हुए नुकसान का मुआयना किया तथा घायल और मृत व्यक्तियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा इस दौरान भूस्खलन से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दिए जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने भूस्खलन में प्रभावित हुए परिवारों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें प्रशासन की और से हर जरूरी सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा, प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें तत्काल राहत प्रदान करना है। राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहा है, और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं कि स्थिति जल्द से जल्द सामान्य हो तथा भविष्य में इस प्रकार की घटना से बचाव के लिए भी सभी जरूरी इंतजाम किए जाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन दल, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों से राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान आपदा प्रबंधन दल और पुलिस द्वारा मलबा हटाने, मार्ग खोलने और प्रभावितों की खोजबीन करने संबंधित जानकारी दी गयी। इस दौरान एसडीएम बड़कोट बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, अधिशासी अभियंता लोनिवि तनुज कंबोज, भूवैज्ञानिक लोनिवि एसके राय, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के अधिकारियों सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
जियोलॉजिस्ट टीम से ली भूस्खलन की जानकारी
बड़कोट। श्री यमुनोत्री यात्रा पैदल मार्ग पर नौकैंची में हुए भूस्खलन का स्थलीय जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य जानकीचट्टी पहुंचे। जिलाधिकारी ने जियोलॉजिस्ट की टीम को तत्काल निरीक्षण करने व भूस्खलन के कारणों का पता लगाने के लिए मौके पर पहुंचने के निर्देश दिये है। लोनिवि के जियोलॉजिस्ट भी जानकीचट्टी पहुंच चुके हैं। लोनिवि के अभियंता और जियोलॉजिस्ट से जिलाधिकारी द्वारा घटना के कारणों की जानकारी ली जा रही है।