तहसील दिवस में 44 शिकायतों का निस्तारण, पांच सोलर लाइट स्वीकृत

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सतपुली में आयोजित तहसील दिवस जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बना। तहसील दिवस में कुल 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को एक पखवाड़े के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विधवा आनंदी देवी की पेंशन, दिव्यांग अशोक कुमार की स्वरोजगार सहायता तथा वेतन भुगतान से जुड़े मामलों पर त्वरित निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग 534, जल संस्थान, विद्युत, सड़क, पंपिंग योजनाओं एवं सफाई से संबंधित शिकायतों पर भी सख्त निर्देश जारी हुए। महिला मिलन केंद्र को जिला योजना में शामिल करने तथा सोलर लाइट संबंधी शिकायतों पर मौके पर ही पांच सोलर लाइट स्वीकृत की गईं। तहसील दिवस में ’’गिरीश गुणवंत’’, ’’महातिम यादव’’ सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।