सहकारी समितियों में जल्द होगी 279 कैडर सचिवों की भर्ती

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। सहकारी विभाग ने जल्द ही 279 कैडर सचिवों की भर्ती करने का निर्णय लिया है। सूबे के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को इसके निर्देश दे दिए हैं। विभिन्न जनपदों में सचिवों की संख्या इस प्रकार रहेगीरू रूद्रप्रयाग-18, पिथौरागढ़-24, टिहरी-46, पौड़ी-44, चम्पावत-1, उत्तरकाशी-2, ऊधमसिंह नगर-27, हरिद्वार-21, नैनीताल-23, अल्मोड़ा-23 तथा चमोली और देहरादून-25-25।
डॉ. रावत ने कहा कि नियुक्ति से सहकारी समितियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और समितियों के कामकाज में तेजी आएगी, जिससे अंतिम पंक्ति के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने 3 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विशेष थीम आधारित सहकारी मेलों की तैयारियों की समीक्षा भी की। इसके अलावा उन्होंने आवास एवं निर्माण सहकारी संघ के निर्माण कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सहकारिता विभाग और आवास संघ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।